रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती के अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण और सुशासन को समर्पित रहा। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और जनकल्याण के व्यापक दृष्टिकोण के कारण वे देशवासियों के हृदय में सदैव अमर रहेंगे। वे केवल महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि और करुणामय जननायक थे, जिन्होंने राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटलजी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने का उनका संकल्प आज भी शासन-नीतियों का मार्गदर्शक है। यही भावना छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और निर्णयों का आधार है। साय ने कहा कि राज्य में सुशासन को और सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाओं की आपूर्ति और जनविश्वास की पुनर्स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह संपूर्ण यात्रा अटलजी के विचारों और आदर्शों से प्रेरित है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटल बिहारी वाजपेयी के ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएँ तथा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें। इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव भी उपस्थित रहे।
















Users Today : 34
Total Users : 15257
Views Today : 41
Total views : 27952
Who's Online : 0
Server Time : February 25, 2026 10:23 pm