बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापामार कार्रवाई की है। भाजपा नेता जुबेर पटेल के महदगांव स्थित फार्म हाउस पर ईडी की टीम ने दबिश दी है, जहां दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, नागपुर से पहुंची ईडी की टीम ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि इस छापेमारी की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी पहले से नहीं दी गई थी। जांच के दौरान ईडी की टीम फार्म हाउस पर मौजूद कागजात और अन्य अहम दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल कार्रवाई जारी है और आधिकारिक तौर पर ईडी की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। गौरतलब है कि जुबेर पटेल सहकारी समिति के अध्यक्ष होने के साथ-साथ सिविल कांट्रेक्टर भी हैं। ईडी की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।







