देवास। देवास-डबलचौकी मार्ग स्थित विधायक मनोज चौधरी के गांव कैलोद में आपसी रंजिश के चलते एक बुजुर्ग किसान की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। मामले में बरोठा पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
लाठियों से किया हमला
पुलिस के अनुसार गांव के दो परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते 65 वर्षीय किसान मांगीलाल पटेल पर आरोपी राजेश और उसके बेटे राजवीर ने लाठियों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में मांगीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद परिजन मांगीलाल को खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया और हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान इलाज से पहले ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पिता-पुत्र गिरफ्तार
बरोठा थाना प्रभारी सविता जाटव ने बताया कि मामले में आरोपी राजेश और उसके बेटे राजवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं था।
रंजिश की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और दोनों परिवारों के बीच रंजिश किस बात को लेकर थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















Users Today : 11
Total Users : 17639
Views Today : 11
Total views : 30862
Who's Online : 0
Server Time : June 26, 2026 3:03 pm