टीकमगढ़। बल्देवगढ़-छतरपुर हाईवे पर शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में जिला भाजपा महामंत्री डॉ. पूरन लोधी और उनके पुत्र मानवेंद्र सिंह लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैरों में फ्रैक्चर हुआ है और उनका इलाज झांसी में चल रहा है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक के मौके से चले जाने पर मामला विवादों में आ गया है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार डॉ. पूरन लोधी अपने पुत्र के साथ बाइक से टीकमगढ़ से अपने गांव करमासन लौट रहे थे। उनका वाहन उर नदी से पहले मुजरा गांव के पास पहुंचा ही था कि बल्देवगढ़ में पदस्थ कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी सपना सेन की बहन द्वारा तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में छोड़ा मौके पर
परिजनों और समर्थकों का आरोप है कि हादसे के बाद संबंधित अधिकारी मौके से निकल गईं और घायलों को अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। घायल डॉ. लोधी ने खुद मोबाइल से परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर होने पर दोनों को झांसी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अधिकारियों का पक्ष
कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी सपना सेन का कहना है कि दुर्घटना के समय वाहन ड्राइवर चला रहा था और उनका वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ था। उन्होंने बताया कि उनके पति मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल
- थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति भार्गव ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- हादसे को लेकर डॉ. पूरन लोधी से जुड़े लोगों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए लापरवाह वाहन चालक और प्रशासनिक उदासीनता की निंदा की है।