उज्जैन: उज्जैन के कार्तिक मेले में लगने वाले बड़े झूलों का संकट अभी टला नहीं है। 19 में से 13 झूलों के लिए निकाली गई तीसरी निविदा में एक भी टेंडर नहीं आया है। ऐसे में इन झूलों की जगह का क्या होगा, इसे लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आज केंद्रीय समिति की बैठक हो रही है और इसमें रेट को लेकर विचार किया जा सकता है। महापौर ने कहा कि उन्होंने इसी स्थिति को देखते हुए सिंगल कंपनी को टेंडर देने का प्रस्ताव MIC से पारित किया था।
📋 सिर्फ छह बड़े झूलों के लिए ही आए टेंडर
दरअसल, कार्तिक मेले में 19 बड़े झूले लगते हैं। इनके लिए निकाली गई पहली निविदा में 6 के लिए ही टेंडर आए थे। शेष 13 के लिए दो बार निगम ने टेंडर निकाले लेकिन किसी भी कारोबारी ने यह टेंडर नहीं भरा। तीसरी निविदा के बाद भी जमीन खाली रह गई है। अब सिर्फ छह बड़े झूले ही लग सकते हैं, हालांकि इनके लिए टेंडर डालने वाले भी अब संशय में हैं। ऐसे में झूलों का क्या होगा, यह सवाल निगम गलियारों में घूम रहा है। कार्तिक मेला की केंद्रीय आयोजन समिति इस संबंध में विचार कर रही है। उसकी बैठक में रेट कम या पिछले साल जितने ही रह सकते हैं।
🏛️ महापौर और राजस्व समिति प्रभारी का रुख
महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि ऐसी ही स्थितियों को देखते हुए सिंगल कंपनी को झूलों की जमीन देने का प्रस्ताव पारित किया था लेकिन लोकल को बढ़ावा देने के लिए इसे नामंजूर कर दिया गया। अब देखते हैं कि आगे क्या होता है।
राजस्व समिति के प्रभारी रजत मेहता ने कहा कि पिछले साल से कम पर टेंडर देना नीतिगत रूप से भी गलत होगा, क्योंकि यह वित्तीय स्तर पर हानि पहुंचाने का मसला हो सकता है। देखते हैं कि झूलों के मामले में क्या कर सकते हैं।


