उज्जैन : महाकाल की नगरी उज्जैन में एक वीडियो इन दिनों सोशल मिडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. पूरा मामला उज्जैन शहर के नागदा का है. जहां देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की. लेकिन समय रहते पुलिस की तत्परता और थाना प्रभारी की सूझबूझ ने युवक की जान बचा ली. जिसकी पुरे शहर में प्रसंशा हो रही है.
दरअसल पूरा मामला, सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे का है जहां युवक के पिता ने अपने बेटे को फंदे से झूलते देखा. घबराए पिता इलाके में गश्त कर रहे नागदा थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी के पास दौड़ते हुए पहुंचे और पूरी घटना बताई. बिना एक पल गंवाए टीआई गवरी तुरंत युवक के घर पहुंचे. मौके पर पहुंचते ही उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़ा और युवक को फंदे से नीचे उतारा. परिजन युवक को मृत मानकर रो रहे थे, लेकिन टीआई ने हार नहीं मानी. पुलिस ट्रेनिंग के दौरान सीखी गई CPR तकनीक का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने युवक को तुरंत CPR देना शुरू किया.
डॉक्टरों ने माना समय पर CPR से बची जान
अस्पताल के संचालक डॉ. प्रमोद बाथम ने बताया कि युवक को जब अस्पताल लाया गया तब वह अर्ध-बेहोशी की हालत में था. उसका ऑक्सीजन लेवल कम था और ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था. प्राथमिक उपचार के तहत ऑक्सीजन दी गई और निगरानी में रखा गया. कुछ ही समय में युवक की हालत सामान्य हो गई और बाद में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. इस रेस्क्यू ऑपरेशन में नगर सुरक्षा समिति के सदस्य राजेश मोरवाल ने भी पुलिस का सहयोग किया.
पहले भी CPR से बचा चुके हैं जान
थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे, तब युवक का शरीर अकड़ चुका था. इसके बावजूद उन्होंने करीब 2 से 3 मिनट तक लगातार CPR दिया, जिसके बाद युवक की जान बच सकी. युवक के स्वस्थ होने के बाद थाना प्रभारी ने उसकी काउंसलिंग भी की और भविष्य में ऐसा कदम न उठाने की समझाइश दी. बता दें, टीआई अमृतलाल गवरी इससे पहले भी एक सिपाही की जान बचा चुके हैं. करीब छह महीने पहले बायपास पर हुए एक सड़क हादसे में, खुद घायल होने के बावजूद उन्होंने CPR देकर सिपाही भारत की जान बचाई थी.
डीजीपी ने किया सम्मान का ऐलान
इस साहसिक और मानवता से भरे कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी को 10 हजार रुपये का नगद इनाम देने की घोषणा की है. मंगलवार को नागदा थाना परिसर में पुलिस स्टाफ ने फूल-मालाओं से टीआई का स्वागत कर सम्मान किया. यह घटना यह साबित करती है कि सही समय पर लिया गया फैसला और पुलिस की संवेदनशीलता किसी की जिंदगी बचा सकती है.
















Users Today : 34
Total Users : 15257
Views Today : 41
Total views : 27952
Who's Online : 0
Server Time : February 25, 2026 5:56 pm