भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस महकमे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। कटारा हिल्स थाना प्रभारी (TI) निरीक्षक सुनील दुबे को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस टीम द्वारा जुए के एक बड़े अड्डे पर की गई छापेमारी और जुआरियों के पकड़े जाने के बाद यह सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के तहत लापरवाही बरतने पर कोतवाली और बजरिया थाना प्रभारियों पर निलंबन की गाज गिर चुकी है।
⚖️ पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी दोहरी कार्रवाई: ‘शहर एक, अधिकारी एक, नियम दो’ पर उठ रहे गंभीर सवाल
कटारा हिल्स TI के निलंबन के बाद अब भोपाल पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में दोहरे रवैये को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि इसी तरह का जुए का मामला पूर्व में शाहपुरा थाना क्षेत्र में भी पकड़ा गया था, लेकिन शाहपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष मरकाम पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ‘शहर एक, अधिकारी एक, लेकिन नियम दो’ जैसी स्थिति को लेकर महकमे के भीतर और आम जनता के बीच तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं और यह मामला शहर में जमकर चर्चा का विषय बना हुआ है।





