भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा मंगलवार को ई कैबिनेट बैठक की जाएगी। इसमें सभी मंत्रीगण एवं भारसाधक सचिव को टेबलेट देकर ई-कैबिनेट एप्लीकेशन के संबंध में प्रस्तुतीकरण एवं प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि डिजिटल प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान जल संसाधन विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्तावों को स्वीकृति दी जाएगी।
भौतिक एवं डिजिटल-दोनों फॉर्मेट में उपलब्ध
15वें वित्त आयोग के मद्देनजर विभिन्न योजनाओं की निरंतरता के प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए जाएंगे।प्रारंभिक चरण में मंत्रिपरिषद बैठक का कुछ एजेंडा भौतिक एवं डिजिटल-दोनों फार्मेट में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद यह पूर्णतः डिजिटल रूप में भी भेजा जाएगा। ई-कैबिनेट एप्लीकेशन एक आधुनिक तकनीक, कागज रहित, सुरक्षित और गोपनीय प्रणाली है, जिससे मंत्रीगण कभी भी कहीं भी अपनी सुविधा अनुसार कार्यसूची देख सकेंगे।
फोल्डर वितरण, कागज और समय की बचत
ई-कैबिनेट एप्लीकेशन से फोल्डर वितरण, कागज और समय की बचत होगी। साथ ही पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णयों का पालन प्रतिवेदन भी देखा जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 1960 से अभी तक के सभी मंत्रि परिषद निर्णयों को डिजिटलीकरण किया जा चुका है।