देवास, 05 नवंबर 2025।
देवास जिले में नाबालिक बालिका का विवाह कराने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित कई रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 13 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद भी कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, फरियादिया ने 04 नवंबर को कलेक्टर कार्यालय देवास में जनसुनवाई के दौरान जिलाधीश श्री ऋतुराज सिंह को शिकायत दी थी कि उसकी 13 वर्ष की नाबालिक पुत्री का विवाह, माता-पिता की जानकारी के बिना, उसके चाचा दीपक परिहार और अन्य रिश्तेदारों ने किसी वयस्क व्यक्ति अजय परिहार से करवा दिया तथा बालिका को अज्ञात स्थान पर भेज दिया।
जिलाधीश श्री ऋतुराज सिंह ने तत्काल इस गंभीर प्रकरण की जानकारी पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद को दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) श्री संजय शर्मा एवं थाना प्रभारी बीएनपी श्री अमित सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में नाबालिक बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया और विवाह कराने वाले मुख्य आरोपी दीपक परिहार, अजय परिहार सहित अन्य रिश्तेदारों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 9 एवं 11 बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
जिलाधीश श्री ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने कहा कि “नाबालिक बालिकाओं का विवाह एक गंभीर अपराध है। समाज के सभी नागरिकों को इस दिशा में जागरूक रहना चाहिए तथा ऐसे मामलों की तत्काल सूचना पुलिस को देना चाहिए। बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार का कार्य करने वाले लोगों पर सख्त कार्यवाही आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।”
















Users Today : 34
Total Users : 15257
Views Today : 41
Total views : 27952
Who's Online : 0
Server Time : February 25, 2026 8:39 pm