शाजापुर में एएसआई का रिश्वत मांगने वाला वीडियो वायरल, एसपी ने किया लाइन अटैच
शाजापुर जिले के बेरछा थाना के एक एएसआई का रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,यह वीडियो पुलिस विभाग की छवि को धूमिल कर रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद शाजापुर जिले में पुलिस विभाग में हो रहा भ्रष्टाचार सामने आया है। इस वीडियो में बेरछा थाने पर पदस्थ एएसआई भंवर सिंह एक गंभीर मामले में फरियादी से पैसे की मांग करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में एएसआई पुलिस के सभी अधिकारियों को पैसा बांटने की बात कर रहे हैं। एसपी पर भी पैसा मांगने का आरोप लग रहे हैं। वायरल वीडियो में एएसआई यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि मैं बोल दिया हूं आप सीधे साहब से जाकर बात कर सकते हैं, जो मुझे आदेश मिला है, वह में बता चुका हूं। देखो यह है गंभीर प्रकृति के मामले, यह जांच में जाते हैं। एडीपीओ लेता है, वहां वाला लेता है, दुनिया में बांटना पड़ता है। गंभीर प्रकृति के जितने भी प्रकरण है, इसमें पुलिस इसलिए पैसा लेती है, क्योंकि सबको बांटना पड़ता है, एसपी भी लेते हैं। इस वीडियो में एएसआई एसपी को भी पैसा देने की बात कर रहे हैं। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
शाजापुर एसपी यशपाल सिंह राजपूत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से एएसआई भंवर सिंह को लाइन अटैच कर दिया है। उन्होंने मोबाइल पर बताया कि वीडियो की जांच एक वरिष्ठ अधिकारी से कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, जब एएसआई भंवर सिंह से संपर्क करने का
प्रयास किया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।



