इंदौर: मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने साबित कर दिया कि जब इश्क सनक बन जाए तो सालों बाद भी पीछा नहीं छोड़ता. यहां 8 साल पहले खत्म हो चुके प्रेम संबंध का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका की शादीशुदा जिंदगी को तबाह करने की साजिश रच डाली.
शादीशुदा जिंदगी में ज़हर घोलने की साजिश
पूरा मामला खजराना थाना इलाके का है. पीड़िता की मां ने पुलिस जनसुनवाई में शिकायत की कि उनकी बेटी की शादी को 8 साल हो चुके हैं, लेकिन कुछ समय से उसके मायके और ससुराल में लगातार गुमनाम और आपत्तिजनक खत पहुंच रहे हैं. इन खतों में ऐसी बातें लिखी होती थीं, जिनसे परिवार में शक, तनाव और बदनामी का माहौल बनने लगा.
पोस्ट ऑफिस बदल-बदलकर भेजे खत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर जांच शुरू हुई. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर था. पहचान छिपाने के लिए वह हर बार अलग-अलग पोस्ट ऑफिस और GPO से खत भेजता था.
500 CCTV कैमरों के बाद खुला राज
पुलिस ने पोस्ट ऑफिस, सड़कों और सार्वजनिक जगहों के करीब 500 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले. कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार आरोपी की पहचान साजिद अंसारी के रूप में हुई.
पूर्व प्रेमी भी, रिश्तेदार भी
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह महिला का पूर्व प्रेमी था और रिश्तेदार भी. 8 साल पहले दोनों के बीच संबंध थे, लेकिन शादी के बाद वह इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पाया. इसी सनक में उसने महिला की शादी तुड़वाने का प्लान बनाया.
पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी जानबूझकर खतों में अश्लील और भड़काऊ भाषा लिखता था, ताकि मायके और ससुराल के बीच शक पैदा हो. फिलहाल खजराना थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है.
















Users Today : 8
Total Users : 18289
Views Today : 8
Total views : 31604
Who's Online : 0
Server Time : July 27, 2026 11:02 am