रतलाम । कीमती धातुओं की कीमतों ने नए शिखर छू लिए हैं। चांदी 3.20 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच चुका है। इस ऐतिहासिक तेजी ने आम खरीदारों का बजट बिगाड़ दिया है। नतीजतन सराफा बाजार में भारी आभूषणों की जगह लाइट वेट ज्वेलरी का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जो कम बजट में पसंदीदा डिजाइन उपलब्ध करा रही है।
व्यापारियों के अनुसार वैश्विक अस्थिरता और निवेशकों की सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के कारण सोना-चांदी में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है। मंगलवार की तुलना में बुधवार को चांदी 8000 रुपये किलो महंगी हुई, वहीं सोना भी 8000 रुपये प्रति 10 ग्राम उछल गया। इससे बाजार में अनिश्चितता बढ़ गई है और खरीदार केवल जरूरी खरीदारी तक सीमित हो गए हैं।
हाजर और मशीन भाव में अंतर
वर्तमान में एमसीएक्स (मशीन) की तुलना में हाजर बाजार में चांदी 20 से 25 हजार रुपये किलो तक सस्ती मिल रही है, जबकि सोने में मशीन और हाजर भाव में ज्यादा अंतर नहीं है। सराफा व्यापारियों का कहना है कि अप्रत्याशित तेजी-मंदी ने बाजार की चाल बिगाड़ दी है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है।
लाइट वेट ज्वेलरी का बढ़ता चलन
सराफा व्यवसायी सौरभ छाजेड़ के अनुसार मलमास समाप्त होने के बाद बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ी है, लेकिन महंगे भाव के कारण पैकेज के रूप में कम वजन की ज्वेलरी तैयार करवाई जा रही है। यह न केवल बजट में रहती है, बल्कि आधुनिक डिजाइन के कारण ग्राहकों को पसंद भी आ रही है।
आदिवासी समाज में चांदी की मांग बरकरार
व्यवसायी ऋषभ संघवी और प्रतीक जैन बताते हैं कि सामान्य वर्ग में सोने के आभूषणों की मांग अधिक है, जबकि आदिवासी समाज में चांदी की मांग अभी भी मजबूत बनी हुई है। फिलहाल छुटकर ग्राहकी लगभग नहीं के बराबर है और लोग केवल शादी-ब्याह या जरूरी अवसरों पर ही आभूषण खरीद रहे हैं।
महंगाई का असर और विवाह मुहूर्त
महंगाई का असर ज्वेलरी खरीद पर साफ नजर आ रहा है। वजनी गहनों की जगह हल्के और आकर्षक डिजाइन वाली ज्वेलरी को प्राथमिकता दी जा रही है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार खरमास समाप्त होने और शुक्र उदय के बाद चार फरवरी से विवाह मुहूर्त शुरू होंगे। फरवरी से दिसंबर तक कई शुभ तिथियां हैं, जिससे आने वाले महीनों में सराफा बाजार में मांग बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
















Users Today : 34
Total Users : 15257
Views Today : 41
Total views : 27952
Who's Online : 0
Server Time : February 25, 2026 5:41 pm