भोपाल। भोपाल में मतदाता सूची की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चल रहा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। हजारों नाम जुड़ने और लाखों नाम कटने के बाद जिले की चुनावी तस्वीर बदलती नजर आ रही है। गुरुवार को नाम जोड़ने की प्रक्रिया बंद होते ही अब अंतिम मतदाता सूची तैयार करने की कवायद शुरू होगी।
23 दिसंबर से 21 जनवरी के बीच वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए 42 हजार मतदाताओं ने फार्म-6 जमा किए हैं। गुरुवार को नए नाम जोड़ने की अंतिम तिथि है। उसके बाद यह प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी। फाइनल वोटर लिस्ट तैयार करने का काम शुरू होगा।
इस अभियान के दौरान जिले में मृत, शिफ्टेड, अनुपस्थित और डबल एंट्री वाले मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इसके चलते 4 लाख 38 हजार 317 नाम मतदाता सूची से काटे जा चुके हैं। इतनी बड़ी संख्या में नाम कटने के बाद उम्मीद थी कि 1 लाख से अधिक नए आवेदन आएंगे, लेकिन अब तक केवल 42 हजार आवेदन ही मिले हैं। इनमें से 30 हजार से ज्यादा पहली बार मतदाता बने युवा शामिल हैं।
एसआइआर के बाद भोपाल की बैरसिया, उत्तर, नरेला, मध्य, दक्षिण-पश्चिम, गोविंदपुरा और हुजूर विधानसभा क्षेत्रों में कुल 16 लाख 87 हजार 33 मतदाता शेष बचे हैं। हालांकि जिले के 1 लाख 16 हजार 925 नो-मैपिंग मतदाताओं के मामलों की सुनवाई 14 फरवरी तक जारी रहेगी। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वालों के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
फाइनल सूची जल्द होगी प्रकाशित
उपजिला निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता ने बताया कि गुरुवार के बाद नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। उसके बाद फाइनल मतदाता सूची प्रकाशित करने की तैयारी की जाएगी।















