रेलवे ने यात्री किराए में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी 2 पैसे प्रति किलोमीटर के आधार पर की गई है, जिसका असर भोपाल से देश के प्रमुख शहरों की यात्रा पर पड़ेगा। इस वृद्धि में 5 प्रतिशत जीएसटी और राउंड-ऑफ भी शामिल है।
नई दिल्ली जाने पर यात्रियों को लगभग 15 रुपये अतिरिक्त देने होंगे, जबकि मुंबई (CSMT) तक यात्रा करने पर किराया करीब 18 रुपये बढ़ेगा। पुणे के लिए यह बढ़ोतरी लगभग 19 रुपये, नागपुर के लिए 8 रुपये और इंदौर व जबलपुर के लिए लगभग 6-6 रुपये होगी। लखनऊ जाने पर किराए में करीब 12 रुपये की वृद्धि होगी।

दक्षिण भारत की लंबी दूरी की यात्राओं में बढ़ोतरी ज्यादा रहेगी। बेंगलुरु जाने पर लगभग 30 रुपये, चेन्नई के लिए 31 रुपये और हैदराबाद के लिए करीब 20 रुपये अधिक चुकाने होंगे। वहीं अहमदाबाद और जयपुर की यात्रा पर लगभग 13-13 रुपये किराया बढ़ेगा। कोलकाता के लिए यह बढ़ोतरी करीब 29 रुपये और वैष्णो देवी यात्रा पर लगभग 28 रुपये तक हो सकती है।







