ग्वालियर। इंदौर के भागीरथपुरा कांड के बाद पूरे प्रदेश में पेयजल सप्लाई की नब्ज टटोलने का काम पहली प्राथमिकता पर है। ग्वालियर में पानी की सप्लाई के मौजूदा हालात से अनभिज्ञ बैठे सिस्टम को अब हकीकत पता चल रही है। यहां वार्ड 23 के जिस सुरेश नगर में नाले में पानी की पाइप लाइन निकल रहीं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, यह पूरा मामला सामने आने के बाद सिस्टम में खलबली मच गई। कलेक्टर रुचिका चौहान रविवार को मौके पर पहुंची। इस दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव और नगर निगम का अमला भी मौके पर खड़ा हो गया।
कलेक्टर ने यहां नाले में लगे पाइप व गंदगी का निरीक्षण किया और निगम अमला को तुरंत साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर निगम आयुक्त संघप्रिय से फोन पर बात की और कहा कि यहां से नाले से यह लाइन जल्द हट जाना चाहिए। दोपहर में खोदाई का काम भी शुरू हो गया। इसके साथ ही घरों व टंकियों से पानी के सैंपल भी लिए गए।
बता दें कि शहर के वार्ड 23 स्थित सुरेश नगर में नाले से पानी की पाइप लाइन निकलने के मामले को नईदुनिया ने उजागर किया। सरकारी मल्टी के रहवासी पिछले कई वर्षों से बुरे हालात में जीवन जी रहे है। इस मल्टी के चारों तरफ कचरे के ढेर है, जहां से हर वक्त बदबू आती रहती है। नईदुनिया ने सुरेश नगर के नाले में पाइपलाइन, हादसे का इंतजार शीर्षक नाम से रविवार के अंक में प्रकाशित किया।
पाइप लाइन डालने 10 से 15 प्रतिशत तक खोदी सड़क
कलेक्टर के आदेश देते ही मौके पर ही पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोदने वाला कर्मचारी आ गया। रविवार को कर्मचारी ने तकरीबन 10 से 15 प्रतिशत सड़क खोद दी। अब यह काम सोमवार को पूरा किया जाएगा।
वार्ड 23 में तीन जगहों से लिए सैंपल
इसमें पहला सैंपल सुरेश नगर पानी की टंकी, दूसरा सैंपल सरकारी मल्टी में रहने वाले महेश बघेल के घर से व तीसरा सैंपल मोहन नगर वार्ड 24 से लिया गया।
शेड्यूल से होंगी पानी की टंकियां साफ, वार्ड 28,32 एवं 44 में सफाई आज
कार्यपालन यंत्री जल प्रदाय संजीव गुप्ता ने बताया कि पांच जनवरी को वार्ड 28 स्थित बजरिया टंकी, वार्ड 32 स्थित गांधीनगर टंकी एवं वार्ड 44 स्थित हुजरात कोतवाली पानी की टंकी की सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही शहर में स्थापित अन्य पानी की टंकियां शेड्यूल बनाकर साफ कराई जाएगी।
लोग बोले नईदुनिया ने हमारी समस्या उठाई
पिछले कई सालों से परेशान लोगों ने जब मौके पर अधिकारियों को देखा और काम शुरू हो गया तो लोगों के चेहरे पर राहत दिखी। मल्टी में रहने वाले रवि वर्मा ने बताया कि हमारे पार्षद सहित हमने यहां की समस्याओं को लेकर कई बार शिकायतें की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। जब इसे नईदुनिया ने बड़ी प्रमुखता से छापा तो प्रशासन मौके पर आया और हमारी हर समस्याओं को सामने से देखा और निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के बाद मौके पर ही काम भी शुरू करा दिया।
कांग्रेस ने गंदे पानी की समस्या को लेकर किया प्रदर्शन
ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से आ रहे गंदे पानी की समस्या को लेकर प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्रीय नागरिकों के साथ जेसी मिल कालेज पर मानव शृंखला बनाकर प्रदर्शन किया। प्रदेश महासचिव ने कहा ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के कई वार्डों में लगातार कई दिनों से गंदा पानी आ रहा है। गंदे पानी की वजह से पेट की समस्याएं हैं या उल्टी दस्त हो रहे हैं।
















Users Today : 4
Total Users : 17646
Views Today : 4
Total views : 30869
Who's Online : 0
Server Time : June 27, 2026 11:55 am