भोपाल: पितृ पक्ष के इस पावन समय में, जब लोग अपने पूर्वजों को याद कर तर्पण कर रहे हैं, वहीं राजधानी भोपाल से मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना सामने आई है। 70 वर्षीय मां इंदु दुपाडे को उनके ही बेटों ने आसरा वृद्धाश्रम के गेट पर छोड़ दिया। यह घटना समाज की संवेदनाओं को झकझोर रही है।
बहू ने की मारपीट, बेटों ने छोड़ा वृद्धाश्रम
पीड़िता ने बताया कि 12 सितंबर 2025 की रात को उनकी छोटी बहू संगीता दुपाडे ने उनके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। पूरी रात उन्होंने सड़क पर गुजारी। अगली सुबह बड़े बेटे विनोद दुपाडे और छोटे बेटे पीयूष दुपाडे उन्हें शाहजहांनाबाद स्थित आसरा वृद्धाश्रम लेकर आए और गेट पर छोड़कर भाग गए।
पहले भी कर चुके हैं ऐसा
इंदु दुपाडे का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब उनके बेटों ने ऐसा अमानवीय व्यवहार किया। इससे पहले भी वे अपनी मां को वृद्धाश्रम छोड़ने आए थे, लेकिन आश्रम प्रबंधन ने उन्हें रखने से मना कर दिया था। उस घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसमें छोटा बेटा पीयूष नजर आ रहा है।
थाने में शिकायत दर्ज
इस पूरे मामले में 13 सितंबर 2025 को शाहजहांनाबाद और गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। वृद्धाश्रम के स्टाफ ने अपील की है कि अगर किसी को इन बेटों की जानकारी हो तो तत्काल सूचना दी जाए। 70 वर्षीय इंदु दुपाडे की आंखें अब भी अपने बेटों की राह ताक रही हैं। उनका कहना है कि शायद आने वाले नवरात्रि पर्व पर उनके बेटों को सद्बुद्धि आए और वे उन्हें घर वापस ले जाएं।
















Users Today : 3
Total Users : 18366
Views Today : 3
Total views : 31691
Who's Online : 0
Server Time : July 30, 2026 5:51 am